बिलासपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के तत्वावधान में 26वीं सीनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को सीवी रमन विश्वविद्यालय, कोटा, बिलासपुर के न्यायधानी मैदान में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 जिलों से लगभग 300 तीरंदाज, कोच, मैनेजर एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के महासचिव आयुष मुरारका ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली तीरंदाज अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पदक विजेता तीरंदाज भी हिस्सा लेंगे, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज तोमन कुमार भी भाग लेंगे, जो पैरा तीरंदाजी के साथ सामान्य वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। उनकी भागीदारी अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगी।
इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित तीरंदाज 11 से 18 नवंबर 2026 तक शिलांग, मेघालय में आयोजित होने वाली सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बिलासपुर जिले के कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलपति श्री प्रदीप घोष, रजिस्ट्रार श्री अरविंद तिवारी, अधिवक्ता ईशा अग्रवाल, श्री एक्का जी, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री कैलाश मुरारका, श्रीमती वंदना उइके एवं श्री आलोक जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
आयुष मुरारका ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने का अवसर मिलता है। एसोसिएशन का निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के तीरंदाजों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।


