वीरेंद्र वर्मा/ आरंग/ रायपुर। CG BREAKING : मां दुर्गा के चित्र वाले पोस्टर हटाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन पर पोस्टरों को कचरा वाहन में डलवाकर हटवाने के आरोपों के बीच श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति, महामाया पारा के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में समिति ने 14 अक्टूबर, बुधवार को आरंग बंद और चक्काजाम का आह्वान किया है। पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई है। साथ ही सर्व समाज, व्यापारी संघ और नगर के गणमान्य नागरिकों से समर्थन की अपील की गई है।
समिति के पदाधिकारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि 10 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने उन्हें अपने चेंबर में बुलाकर पोस्टर में फोटो नहीं होने पर आपत्ति जताई थी। पदाधिकारी का आरोप है कि अध्यक्ष ने उनके सामने ही कर्मचारी को निर्देश दिया था कि शाम पांच बजे तक संबंधित लोगों से संपर्क नहीं हो पाने पर पोस्टर हटा दिए जाएं। समिति का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में संबंधित कर्मचारी और नगर पालिका के कचरा वाहन के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।

पदाधिकारियों के अनुसार, इस मामले को लेकर सर्व समाज, दुर्गा उत्सव समितियों, गणेश उत्सव समितियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक भी हुई। समिति ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए समय देने की बात कही और चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 14 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तरीके से नगर बंद और चक्काजाम किया जाएगा। धार्मिक आस्था से जुड़े पोस्टर हटाने का यह विवाद अब सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
नगर में इस पोस्टर विवाद के बीच 14 अक्टूबर को प्रस्तावित बंद और चक्काजाम के मद्देनजर अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई और दोनों पक्षों के बीच संभावित समाधान पर टिकी है।


