आरंग। CG NEWS: आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के द्वारा हत्या के आरोप में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग से जुड़े करीब 30 लाख रुपए के लेन-देन और तीन माह के ब्याज को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को पुलिस ने हत्या की वजह बताया है। 17 सितंबर को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी।

मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46) निवासी रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की तथा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया।
साथी शिक्षक पर ऐसे पहुंचा शक
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि मृतक और संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और एक चरवाहे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक को अंतिम बार चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।
इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को सुबह करीब 9.35 बजे चंद्रप्रकाश वर्मा स्कूल पहुंचा। इसके बाद वह निजी काम का हवाला देकर स्कूल से बाहर गया। इस दौरान उसने मोबाइल का लोकेशन बंद कर दिया था।
घटना के बाद करीब 12.50 बजे वह वापस स्कूल पहुंचा। उसने अपने मोबाइल से VSK ऐप पर लॉगिन करने के बजाय मोबाइल घर पर रह जाने की बात कहते हुए साथी शिक्षक के मोबाइल से अपनी उपस्थिति दर्ज की। पुलिस के अनुसार, VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पूछताछ में चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि वह और शिवकुमार चंद्राकर पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे तथा रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। चंद्रप्रकाश ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे और इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।
पुलिस का कहना है कि पिछले करीब तीन महीनों से ब्याज का भुगतान नहीं होने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी आर्थिक विवाद के चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ा और 17 सितंबर को कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास उनकी मुलाकात हुई।
सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या
पुलिस के अनुसार, पैसे और ब्याज की वापसी को लेकर विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपनी स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के द्वारा घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक द्वारा दिए गए तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों के मोबाइल फोन तथा आरोपी के घटना के समय पहने कपड़े, जूते और मोजे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।


