बस्तर। CG NEWS: बस्तर में विकास और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला जारी है। दीपक बैज के बाद अब बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया पर खुला पत्र लिखा है। मंडावी ने अपने पत्र में केदार कश्यप के लंबे मंत्री कार्यकाल को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि “17 साल 8 महीने में बस्तर को क्या दिया?”
विक्रम मंडावी ने अपने पोस्ट में लिखा कि केदार कश्यप ने चार बार मंत्री पद की शपथ ली और मंत्री के रूप में आदिवासी विभाग, वन विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने इसी कार्यकाल का जिक्र करते हुए 6,472 दिन यानी 17 वर्ष 8 महीने का आंकड़ा सामने रखा।
मंडावी ने बस्तर संभाग के आम गांवों, गरीब आदिवासियों, युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और छात्रों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि बस्तर की किस समस्या को लेकर आवाज उठाई गई और बस्तर के मुद्दों पर हमेशा मौन रहने का आरोप लगाया।
विक्रम मंडावी ने नारायणपुर जिले की बदहाल सड़कों को लेकर भी सवाल खड़े किए। इसके अलावा उन्होंने बेरोजगारी, युवाओं के पलायन, आदिवासियों की जमीन, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार को घेरा।
अपने पोस्ट में मंडावी ने कहा कि बस्तर का युवा और बेरोजगार काम की तलाश में पलायन कर रहा है। उन्होंने स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति और शिक्षकों की कमी का भी उल्लेख किया। साथ ही बस्तर संभाग की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाए।
मंडावी ने अपने पत्र के अंत में केदार कश्यप के कार्यकाल पर तंज कसते हुए लिखा कि “डेढ़ दशक से भी अधिक का आपका यह कार्यकाल बस्तरवासियों की उपेक्षा के लिए हमेशा याद किया जाएगा।” इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “फिर भी आपको बधाई बस्तर के मुद्दों पर मौन रहने के लिये।”
विक्रम मंडावी के इस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बस्तर के विकास और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।


