गरियाबंद | गिरिश गुप्ता: गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इदागांव और ध्रुवागुड़ी के बीच शाम करीब 6:30 बजे उस समय हुआ, जब वन विभाग की बोलेरो वाहन और एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान और घायलों के नामों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

