रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को हुई महज आधे घंटे की तेज बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए।
बारिश के बाद निचले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और कॉलोनियों में पानी भर गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली अच्छी बारिश में ही व्यवस्था की हकीकत सामने आ जाती है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित रूप से नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि हर बारिश में शहर को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में यदि जल निकासी व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया, तो लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

