रायपुर/छत्तीसगढ़। केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य को लगभग ₹1000 करोड़ की अतिरिक्त राशि मंजूर किए जाने पर उत्कल गांड़ा महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सावित्री जगत ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के हित में ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी निर्णय बताया है।
सावित्री जगत ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और संवेदनशील नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि “पक्का मकान केवल चार दीवारी नहीं होता, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव होता है।”

उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों ग्रामीण परिवार लंबे समय से आवास निर्माण की स्वीकृति एवं भुगतान प्रक्रिया में तेजी आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब केंद्र सरकार के इस निर्णय के बाद अधूरे मकानों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण होगा तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी।
श्रीमती सावित्री जगत ने आगे कहा कि इस योजना से केवल आवास निर्माण ही नहीं होगा, बल्कि गांवों में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्यों में तेजी आने से मजदूरों, राजमिस्त्रियों तथा निर्माण सामग्री से जुड़े स्थानीय व्यापारियों को भी व्यापक लाभ प्राप्त होगा। ईंट, सीमेंट, सरिया, रेत एवं अन्य निर्माण सामग्री की मांग बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब, मजदूर, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली महत्वपूर्ण योजना साबित हो रही है।


