रायगढ़। CG VIDEO : जिले के छातामुरा चौक से कोंडातराई मार्ग पर स्थित नगमा प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना से आसपास के इलाके में दहशत और भगदड़ की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जूटमिल थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धुएं से आधे शहर का आसमान काला दिखाई देने लगा। आग की लपटें गोदाम से सटे आदित्य हीरो शोरूम तक पहुंच गईं। शोरूम के भीतर धुआं भरने लगा, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने आनन-फानन में शोरूम में खड़े वाहनों को बाहर सड़क पर निकालना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी अनिल कुमार सोनी और तहसीलदार शिव डनसेना भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता आग पर काबू पाने की है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार इस कबाड़ गोदाम में पहले भी आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम संचालक मोहम्मद रफीक खान मनीहार को पहले भी पुलिस द्वारा चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद संचालन जारी रहा।


