जगदलपुर। CG NEWS: जगदलपुर तेज गर्मी के बीच शहर में बार-बार हो रहे विद्युत अवरोध ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान 38 डिग्री के पार पहुंचने के साथ ही बिजली व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। जैसे ही लोड बढ़ता है, कई इलाकों में केबल जलने और ट्रांसफार्मरों से चिंगारियां निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि वर्षों पहले लगाए गए घटिया केबल और ट्रांसफार्मर अब मुसीबत बन गए हैं। विद्युत कर्मचारियों को भी लगातार शिकायतों के चलते देर रात तक मरम्मत कार्य करना पड़ रहा है। अंबेडकर वार्ड में 63 एचपी ट्रांसफार्मर में बार-बार आग जैसी स्थिति बनने से लोग दहशत में हैं। रात में मरम्मत के बाद भी कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर फिर चिंगारी छोड़ने लगा। स्थानीय लोगों ने यहां 100 एचपी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

शहर में पेड़ों की छंटाई और लाइन सुधार के नाम पर भी लगातार बिजली कटौती हो रही है। गर्मी के मौसम में बिजली संकट ने घरों से लेकर कारोबार तक प्रभावित कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि हर साल यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। अब नागरिकों ने बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

