रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ जिले में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री सीमित कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों को निर्धारित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इस व्यवस्था से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिले के कई पेट्रोल पंपों पर मोटरसाइकिल चालकों को 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। वहीं चारपहिया और भारी वाहनों के लिए भी सीमित मात्रा तय कर दी गई है। इससे लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अचानक लागू की गई इस व्यवस्था से यात्रा और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि उन्हें एजेंसी स्तर से सीमित मात्रा में ईंधन वितरण करने के मौखिक निर्देश मिले हैं। हालांकि अब तक किसी भी संचालक को लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।

इसके बावजूद भविष्य में ईंधन संकट की आशंका को देखते हुए कई पंप संचालक एहतियात बरत रहे हैं। स्थिति यह है कि जिले के कुछ पेट्रोल पंपों ने खुद को “ड्राई” घोषित कर दिया है और कई जगह नोजल लॉक कर बिक्री बंद कर दी गई है। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। आम नागरिकों ने प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने और ईंधन की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

