जशपुर। CG NEWS: जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के किलकिला गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां शादी नहीं होने से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, किलकिला गांव निवासी रामदयाल सिदार लंबे समय से अपने परिवार से शादी कराने की बात कह रहा था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह काफी समय से मानसिक तनाव में था। बुधवार को युवक ने घर के अंदर लकड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक और मानसिक तनाव बताई जा रही है।

