बिलासपुर। CG NEWS : न्यायधानी के सिम्स अस्पताल बिलासपुर एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। बड़े-बड़े इलाज के दावों के बीच रतनपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गम और आक्रोश में डुबो दिया है।
बताया जा रहा है कि पेंडरोवर निवासी आदिवासी युवक महेश सिंह की पत्नी को डिलीवरी के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार शाम सुरक्षित प्रसव हुआ। इसी दौरान महेश सिंह अस्पताल के लिए सामान लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों और आदिवासी समाज ने इलाज में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वरिष्ठ डॉक्टर की अनुपस्थिति में जूनियर डॉक्टर द्वारा जल्दबाजी और अनियमित तरीके से इलाज किया गया। गुस्साए परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।


