अंबिकापुर। CG NEWS : पत्रकार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मजहर खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले से हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार हाल ही में पत्रकार पंकज शुक्ला पर एक दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने हमला किया था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

पुलिस के मुताबिक मजहर खान पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली और गांधीनगर थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
वहीं, सरगुजा आईजी दीपक झा ने क्षेत्र के आदतन अपराधियों की सूची तैयार करने और उनकी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनके खिलाफ जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


