रायपुर। CG weather update : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. रायपुर में चिलचिलाती धुप के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, तेज हवा के साथ बादल छाने से लोगों को राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ जिलों में बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल, प्रदेश के कई इलाकों में तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है. दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि राजनांदगांव में 42.5 डिग्री और रायपुर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है.

दक्षिण-पूर्व दिशा में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन
मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव की मुख्य वजह दक्षिण-पूर्व दिशा में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश से लेकर ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन भी एक्टिव है, जो सीधे छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है. इसी कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है.
कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार
एक्सपर्ट का कहना है कि इस मौसम प्रणाली के चलते कुछ इलाकों में अचानक तेज हवाएं, बिजली गिरने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है. इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों और खुली जगहों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
मौसम विभाग ने यह भी अपील की है कि लोग खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदानों में न रुकें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. आने वाले दिनों में बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं, दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में मौसम से जुड़ी दिक्कतें भी देखने को मिल सकती हैं .


