अंबिकापुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जहां नेशनल हाईवे 130 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा मणिपुर थाना क्षेत्र के भिठ्ठीकला गांव के पास हुआ, जहां जोगीबांध गांव से आई महिलाएं साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने के बाद शाम करीब 7 बजे घर लौट रही थीं और सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुन्नी बाई, राम बाई और 55 वर्षीय एक अन्य महिला के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चालक नशे में धुत था, जिससे हादसे की आशंका और गहरी हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए घायल चालक को भीड़ से बचाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं तीनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।


