रायपुर। RAIPUR CRIME NEWS: टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायी से फॉरेन टूर के नाम पर 20 लाख रुपये के डॉलर की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के तीसरे सदस्य अमन शर्मा (18) को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके बड़े भाई मयंक शर्मा और प्रोसेनजित चक्रवर्ती को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी अमन हरियाणा के रेवाड़ी का निवासी है और हाल में लखनऊ में रह रहा था।


छताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में दो साल के भीतर करीब 22 वारदातों को अंजाम देते हुए लगभग 3 करोड़ रुपये की विदेशी करंसी ठगी है।
तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामले में संगठित अपराध समेत बीएनएस की धाराओं 318(4), 3(5) और 111 के तहत कार्रवाई की है। प्रार्थी हरदीप सिंह होरा, निवासी गुरुनानक नगर, को लंदन टूर के लिए होटल बुकिंग के नाम पर कॉल कर आरोपियों ने झांसे में लेकर 18,000 अमेरिकी डॉलर हड़प लिए थे।
पुलिस ने पहले प्रोसेनजित को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब साढ़े चार लाख रुपये बरामद किए थे, इसके बाद मयंक को पकड़ा गया और अब तीसरे आरोपी अमन को भी दबोच लिया गया है। एडिशनल एसीपी तारकेश्वर पटेल और एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि गिरोह के नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी संबंधित राज्यों को भेजी जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


