दुर्ग। CG NEWS : भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार की रात सड़क हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला भट्टी थाना इलाके का है।
यह हादसा प्लांट परिसर के अंदर रेल मिल क्षेत्र के जीरो कार्बाइड मोड़ के पास 14-नंबर बिल्डिंग के सामने हुआ। मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी गोमती प्रसाद साहनी (55) के रूप में हुई है। जो एसआरयू का ठेका मजदूर बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि, CG 04 OM 7139 नंबर का ट्रक रेल पटरी लोड करने के लिए रेल मिल शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान टर्न लेते समय साइकिल सवार मजदूर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, ठेका मजदूर रोज की तरह साइकिल से काम पर जा रहा था। इसी दौरान संयंत्र इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मजदूर बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कंपनी प्रबंधन ने दिया मदद का भरोसा
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। वो परिवार का कमाने वाला एकमात्र सहारा था। उनकी एक छोटी बेटी है, जिसकी पढ़ाई चल रही है। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिवार की मदद का भरोसा दिया है।
कंपनी ने मृतक की बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की बात कही है। इसके साथ ही मुआवजा राशि देने और मृतक की पत्नी को नौकरी देने की भी बात कही है।
पुलिस कर रही जांच
इधर, भट्टी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ, ट्रक ड्राइवर की लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


