छुईखदान। CG News : छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अंतर्गत आने वाले ग्राम भोरमपुर के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान ग्राम परसबोड निवासी अवधराम निषाद (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था।
काम से घर लौटते समय हुआ लापता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवधराम ग्राम साल्हे खुर्द में एक लकड़ी ठेकेदार के यहाँ ट्रैक्टर लोडर चलाने का काम करता था। बीते 17 मार्च, मंगलवार की शाम वह अपने एक साथी के साथ काम खत्म कर बाइक से अपने घर परसबोड जाने के लिए निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुँचा, तो चिंतित परिजनों ने छुईखदान थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
खेत में मिली लाश और बाइक
आज सुबह ग्रामीणों ने भोरमपुर खेत में एक युवक का शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँचकर परिजनों ने शव की शिनाख्त अवधराम के रूप में की।
आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में बाइक अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी होगी। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


