जशपुर के खादगढ़ा बस स्टैंड से रायपुर-जशपुर के लिए रवाना हुई शिवनाथ बस में गुरुवार को भीषण आग लग गई। यह हादसा नामकुम थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर हुआ। गनीमत रही कि आग की भनक लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाई और बस को रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों में मची अफरा तफरी

जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही नामकुम रिंग रोड के पास पहुंची, अचानक इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
आग की लपटें देख बस चालक ने तुरंत बस रोकी और शोर मचाते हुए सभी यात्रियों को फौरन बाहर निकलने को कहा। यात्रियों के उतरते ही बस ‘धू-धू’ कर जलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर ड्राइवर ने तत्परता न दिखाई होती, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
हालांकि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। बस की डिक्की और सीटों पर रखा यात्रियों का कीमती सामान, कपड़े और अन्य दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।


