Raipur. रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 9 के जल विभाग द्वारा सड्डू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और कचना स्थित ईडब्ल्यूएस (पत्रकार) कॉलोनी में पेयजल समस्या के समाधान के लिए व्यापक निरीक्षण और संधारण कार्य किया गया है। निरीक्षण के दौरान सामने आए सभी लीकेज की मरम्मत कर दी गई है, वहीं जल विभाग द्वारा पानी की गुणवत्ता का लगातार परीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। नगर निगम जल विभाग की टीम ने कचना स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी (पत्रकार कॉलोनी) में निरीक्षण किया, जहां बोरवेल के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी के ब्लॉक क्रमांक 1, 2, 3, 4 और 5 में गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आईं। जांच में पाया गया कि कॉलोनी की मुख्य जी.आई. पाइपलाइन (03 इंच), जिसे हाउसिंग बोर्ड द्वारा लगभग 12 वर्ष पूर्व बिछाया गया था, अब कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है। पाइपलाइन के जर्जर होने के कारण उससे जुड़े घरेलू नल कनेक्शनों में गंदा पानी पहुंच रहा था।
जल विभाग की टीम ने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्लॉक क्रमांक 4 और 5 के पास टूटे हुए नल कनेक्शनों की मरम्मत एवं संधारण कार्य पूरा कराया। इसके साथ ही ब्लॉक क्रमांक 1, 2 और 3 में मुख्य पाइपलाइन तथा नल कनेक्शनों की मरम्मत भी करवाई गई। मरम्मत कार्य के बाद ब्लॉक 4 और 5 में साफ पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है, जबकि ब्लॉक 1, 2 और 3 में संधारण कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। जल विभाग ने बताया कि चूंकि हाउसिंग बोर्ड द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है और कॉलोनी में जल वितरण की व्यवस्था भी तकनीकी रूप से उपयुक्त नहीं है, इसलिए कॉलोनी के लिए नई पाइपलाइन और आधुनिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया गया है। इसके लागू होने से भविष्य में पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति दोनों में स्थायी सुधार होगा।
इसी क्रम में सड्डू स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सेक्टर 3, 5 और 8 में भी जोन क्रमांक 9 के जल विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। यहां भी मुख्य पाइपलाइन, जिसे हाउसिंग बोर्ड द्वारा लगभग 12 वर्ष पहले बिछाया गया था, कई स्थानों पर जर्जर पाई गई। इसके कारण घरेलू नल कनेक्शनों में गंदा पानी आने की समस्या उत्पन्न हो रही थी। जल विभाग की टीम ने मौके पर पाए गए सभी लीकेज की मरम्मत और संधारण कार्य पूरा कर दिया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कचना ईडब्ल्यूएस कॉलोनी (पत्रकार कॉलोनी) और सड्डू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जल विभाग द्वारा पानी की गुणवत्ता का नियमित और सतत परीक्षण किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य है कि नागरिकों को निर्बाध, स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

