Raipur. रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क विवाद गंभीर रूप ले लिया। मोवा पंचवटी नगर निवासी कक्षा बारहवीं के छात्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 30 नवंबर 2025 को शाम लगभग 4:30 बजे वह अपने दोस्त सिद्धांत बर्मन के साथ मोटरसाइकिल में यात्रा कर रहे थे। वह माता गैरेज से लोधिपारा जा रहे थे, तभी नूर नामक व्यक्ति अपनी कार से उनके वाहन के सामने से कट मारा। युवक ने बताया कि जैसे ही उसने नूर से पूछा कि “कैसे गाड़ी चला रहे हो?”, तो नूर अपने दोस्त बल्ली और अन्य साथियों के साथ राजाबाड़ा के सामने काली नगर पंडरी में आ गया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी ने मिलकर हाथ और मुक्के से छात्रों पर हमला किया।
इस हमले में शिकायतकर्ता को बाएं हाथ और सिर में चोट आई, जबकि उनके दोस्त सिद्धांत बर्मन को दाएं हाथ, सिर और दोनों पैरों में चोटें आई हैं। दोनों छात्र फिलहाल चोट के कारण दर्द महसूस कर रहे हैं। घटना के समय कई लोग जैसे पांडेय एवं आसपास के स्थानीय निवासी ने घटना देखी। छात्र ने बताया कि उन्होंने अपने दोस्त सिद्धांत बर्मन के पिता मानिक बर्मन को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमलावरों द्वारा दी गई गाली-गलौच सुनकर काफी मानसिक आघात हुआ है। इस संबंध में छात्र ने पंडरी थाना में लिखित
शिकायत
दर्ज कराई। पुलिस ने घटना के बारे में बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा चिंता
स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इलाके में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन न होना अक्सर विवादों को जन्म देता है। युवा वाहन चालकों और कार चालक के बीच बढ़ते तनाव से सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर असर पड़ता है। थाना पंडरी के अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी प्रमुख आरोपियों की पहचान कर उन्हें बुलाया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्यवाही की जा सके।

