रायगढ़। : रेलवे प्रबंधन की अनदेखी से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है इस समय महिलाओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर यात्री इन दिनों प्रसाधन की मूलभूत सुविधा से वंचित हो रहे हैं।
स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के चलते शौचालय की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यहां रैंप का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है।

इसके कारण विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार महिलाओं को टीन की बेरिकेडिंग के ऊपर से कूदकर शौचालय तक पहुंचने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है, जो न सिर्फ असुरक्षित है, बल्कि बेहद अपमानजनक भी। रेलवे स्टेशन पर एक प्रतिक्षालय संचालित है जिसमें सुलभ का इस्तेमाल करने पर 20 रुपए का शुल्क लिया जा रहा है।
स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि या तो निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए जिससे यात्रियों को परेशानी न हो। प्रशासन की अनदेखी यात्रियों की नाराजगी का कारण बनती जा रही है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।