गरियाबंद। CG NEWS: शुक्रवार को नगर के शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित 32 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, उपाध्यक्ष लेखराम साहू, सभापति बिंदु सिन्हा, रेणुका साहू, सूरज सिन्हा, पार्षद पुष्पा साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, भाजपा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। फिल्म में विद्यार्थियों ने मोदी जी के बाल्यकाल की सोच, संघर्ष और परिश्रम की झलक देखी।
इसके पहले कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके ने कहा कि मोदी जी बचपन से ही चंचल और जिज्ञासु प्रवृत्ति के थे। उन्होंने जीवन के उद्देश्य पर विचार करते हुए मानवता और देश सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। नपा उपाध्यक्ष आसिफ मेमन ने कहा कि यह फिल्म हम सबके लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक है।

यह बताती है कि भारत में हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री हमें राष्ट्रप्रेम और सेवा भाव का संदेश देती है। ईमानदारी से संकल्प ले, तो असंभव को भी संभव किया जा सकता है। कार्यक्रम में कालेज अध्यक्ष शेषनारायण गजभिए ने स्वागत भाषण और प्रोफेसर आर.पी. दास ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बिंद्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, बलदेव सिंह हुंदल, पूर्णिमा तिवारी, राधेश्याम सोनवानी, सागर मयाणी, प्रकाश यादव, तरुण ठाकुर, प्रतीक सिंह, नमन सेन, प्रियंका सोनी, जमुना गजभिए, रिया यादव सहित बड़ी संख्या में कालेज परिवार मौजूद रहा।


