दुर्ग। : करणी सेना ने अभिषेक सिंह को प्रदेश युवा अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद करणी सेना के पदाधिकारियों और सदस्यों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। करणी सेना के युवाओं ने अभिषेक सिंह का जोरदार स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। वहीं अभिषेक सिंह ने कहा कि सरकार ने वीरेंद्र सिंह तोमर और उनके छोटे भाई रोहित तोमर पर जो कार्रवाई की है, वह सरासर गलत है।
अभिषेक सिंह ने अपनी नियुक्ति पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि करणी सेना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र सेवा, समाज सेवा, सांस्कृतिक संवर्धन और सामुदायिक विकास है। उन्होंने कहा कि संगठन सभी समाजों को साथ लेकर चलने के सिद्धांत पर काम करता है और आगे भी यही दिशा बनी रहेगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान अभिषेक सिंह ने कहा कि करणी सेना समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस दौरान उन्होंने तोमर बंधु मामले पर भी अपनी राय रखी। अभिषेक सिंह ने कहा कि सरकार ने वीरेंद्र सिंह तोमर और उनके छोटे भाई रोहित तोमर पर जो कार्रवाई की है, वह सरासर गलत है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उन महिलाओं की क्या गलती है, जिन पर भी कार्यवाही की गई है।अभिषेक सिंह ने कहा कि तोमर बंधु मूल रूप से भाटापारा के रहने वाले हैं, लेकिन वे रायपुर में पिछले एक पीढ़ी से रह रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्याज का धंधा केवल तोमर बंधु ही नहीं करते, बल्कि प्रदेश में और भी कई लोग इस व्यवसाय में शामिल हैं। सरकार को यदि कार्रवाई करनी है, तो उसे निष्पक्ष रहकर सभी पर समान रूप से करनी चाहिए।




